द फॉलोअप डेस्क, रांची:
JLKM विधायक जयराम महतो और झारखंड पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद अब और गहराता जा रहा है। JLKM नेत्री बेबी महतो ने प्रेस वार्ता कर कहा कि अगर जयराम महतो को गिरफ्तार किया जाता है और उनकी विधायकी चली जाती है तो पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में JLKM झारखंड में अब तक का सबसे बड़ा आंदोलन करेगा।
बेबी महतो ने कहा कि आंदोलन पूरे राज्य में व्यापक रूप लेगा और पार्टी कार्यकर्ता मजबूती से सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे। पुलिस एसोसिएशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद JLKM ने पलटवार करते हुए एसोसिएशन पर एकतरफा पक्ष रखने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर 5 दिनों का अल्टीमेटम दिया है।
बालू उठाव को लेकर शिकायत मिलने पर थाना पहुंचे थे जयराम
बेबी महतो ने आरोप लगाया कि बालू घाटों से जुड़े मामलों में ट्रैक्टर मालिकों से कथित तौर पर पैसे की मांग की जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने इस संबंध में जयराम महतो से शिकायत की थी। इसी शिकायत के बाद पहले व्हाट्सऐप चैट और फिर फोन पर थाना प्रभारी से बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान कथित तौर पर जयराम महतो को उकसाया गया, जिसके बाद उनका गुस्सा बढ़ा और तीखी बहस हुई। बेबी महतो ने कहा कि सोशल मीडिया पर बातचीत का सिर्फ एक हिस्सा वायरल किया जा रहा है। अगर पूरी सच्चाई सामने लानी है तो पूरा वीडियो और बातचीत सार्वजनिक की जानी चाहिए।

गाली को ही मुद्दा बनाकर आधा वीडियो दिखाया जा रहा
बेबी महतो ने कहा कि जयराम महतो हर व्यक्ति के साथ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करते। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी जयराम महतो लगातार जनता के मुद्दे उठाते हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर रहते हैं। उन्होंने कहा, “जो ईमानदार पुलिस अधिकारी हैं, उनको जयराम महतो हमेशा सम्मान देते हैं, लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ उनका तेवर तीखा रहता है।”
किसी भी कीमत पर माफी नहीं मांगेंगे जयराम
पुलिस एसोसिएशन की ओर से जयराम महतो से माफी मांगने की मांग पर बेबी महतो ने कहा कि जयराम महतो माफी नहीं मांगेंगे। उन्होंने कहा कि यदि विधायक ने जनता के हित में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है, तो उसके लिए माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम महतो की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। बेबी महतो ने कहा कि जयराम महतो सिर्फ डुमरी के विधायक नहीं हैं, बल्कि पूरे झारखंड के मुद्दों को विधानसभा में उठाते हैं।

दलित, पिछड़े और गरीबों की आवाज उठाते हैं जयराम
बेबी महतो ने कहा कि जब भी दलित, पिछड़े, गरीब या शोषित परिवारों के साथ अन्याय होता है, जयराम महतो उनके पक्ष में खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि जनता ने उन्हें डुमरी से विधायक चुना है। उन्होंने कहा कि जयराम महतो का तेवर ही उनकी पहचान है और इसी तेवर के कारण लोग उन्हें पसंद करते हैं। JLKM ने साफ किया कि पुलिस एसोसिएशन की मांग के बावजूद जयराम महतो अपने बयान को लेकर माफी मांगने के बजाय भ्रष्टाचार और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते रहेंगे।
