द फॉलोअप डेस्क
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की ओर से मंगलवार को गिरिडीह समाहरणालय (डीसी कार्यालय) के समीप JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर महासचिव राजदेश रतन के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित गड़बड़ियों से राज्य के हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की।

निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की अपील
वक्ताओं ने कहा कि झारखंड के युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से भविष्य में सभी सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की। साथ ही कहा कि भर्ती में किसी भी प्रकार की अनियमितता युवाओं के साथ अन्याय है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
धरना-प्रदर्शन में JLKM गिरिडीह जिला के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम की कवरेज के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के प्रतिनिधि भी पहुंचे। कार्यक्रम के अंत में संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं के अधिकार, रोजगार और न्याय की लड़ाई आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रखी जाएगी।