logo

JLKM नेता ने बरवाअड्डा थाना प्रभारी पर लगाए अवैध कमाई के आरोप, ACB से जांच की मांग

ACB001.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को लेकर JLKM नेता ने ACB का दरवाजा खटखटाया है। JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष पिंटू कुमार महतो ने ACB को पत्र भेजकर थाना प्रभारी के खिलाफ कथित अवैध कमाई की जांच कराने की मांग की है। पत्र में पिंटू कुमार महतो ने आरोप लगाया है कि बरवाअड्डा थाना प्रभारी थाना क्षेत्र में कथित तौर पर कई तरह की अवैध वसूली से जुड़े हैं। पत्र में कोयला गाड़ी, बालू गाड़ी, जानवर तस्करी, अवैध ईंट भट्ठा, अवैध क्रशर समेत अन्य अवैध गतिविधियों से कथित कमाई का उल्लेख किया गया है। JLKM नेता ने अपने पत्र में यह भी दावा किया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि थाना प्रभारी ने रांची और अन्य शहरों में करोड़ों रुपये की जमीन खरीदी है। इसी आधार पर उन्होंने थाना प्रभारी की संपत्ति और आय के स्रोत की जांच कराने की मांग की है।


संपत्ति की जांच और कार्रवाई की मांग
पिंटू कुमार महतो ने ACB से आग्रह किया है कि थाना प्रभारी की चल-अचल संपत्ति, आय के ज्ञात स्रोत और कथित अवैध कमाई की निष्पक्ष तरीके से जांच कराई जाए। पत्र में आरोपों की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई है। हालांकि, ये सभी आरोप JLKM नेता की ओर से लगाए गए हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।


पुलिस अधिकारियों को भी भेजी गई शिकायत
बताया गया है कि शिकायत की प्रतिलिपि बोकारो पुलिस से लेकर धनबाद प्रशासन तक को भेजी गई है। 26 अगस्त 2026 को लिखे गए पत्र में पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो, उपायुक्त धनबाद और वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी गई है। 

Tags - JLKM Pintu Kumar Mahto Barwadda Police Station Ravi Kumar ACB Investigation