हजारीबाग:
14वीं JPSC पीटी परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने जेल भरो आंदोलन शुरू किया है। फिलहाल, इस आंदोलन की सांकेतिक शुरुआत की गई है। हजारीबाग में पार्टी के नेता उदय मेहता ने व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण करके आंदोलन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ अतीत में भी JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों के समर्थ मे आंदोलन करने पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। उदय मेहता ने कहा मैंने उसी मुकदमे के आलोक में आत्मसमर्पण किया है।

हजारीबाग केंद्रीय कारा को भरने की चेतावनी
उदय मेहता ने कहा कि यदि सरकार ने हमारी मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार नहीं किया तो हमारे और भी नेता कार्यकर्ता हजारीबाग के जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार को पूरी तरह भरने का काम करेंगे। JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग करते हुए उदय मेहता ने कहा कि जितनी भी भर्ती परीक्षाओं में धांधली हुई है, उन्हें रद्द करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी। छात्रनेता उदय मेहता ने कहा कि सरकार को पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ एक्शन लेना ही होगा।

रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन
गौरतलब है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JLKM नेता देवेंद्रनाथ महतो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्र भी बड़ी संख्या में आंदोलन में जुटे हैं। 14वीं JPSC पीटी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगा है। आंदोलनकारी छात्रों की मांग है कि 14वीं JPSC पीटी परीक्षा, JSSC-CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा को रद्द किया जाए। छात्र ईमानदार और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग में जुटे हैं।