logo

5 लाख का इनामी JJMP उग्रवादी शिवा सिंह लातेहार पुलिस के हत्थे चढ़ा, 24 केस दर्ज हैं!

Screenshot_2026-05-23_212447.png

लातेहार
लातेहार पुलिस ने 5 लाख रुपये इनामी JJMP संगठन के बड़े नेता सबजोनल कमांडर  शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह/शिव जी/शिवा/कइला को गिरफ्तार कर लिया है। उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सरकार ने उस पर 5 लाख रुपये का इनाम रखा था। शिव नारायण को शुक्रवार रात लातेहार के सदर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने JJMP के एक और कमांडर सुकुल देव उरांव को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई की जानकारी लातेहार के पुलिस अधीक्षक  कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।


घेराबंदी में फंसा इनामी उग्रवादी शिवा
ACP कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि इनामी उग्रवादी शिवा सिंह अपने साथियों के साथ सदर थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिन्हा की देखरेख में एक खास टीम बनाई गई। इस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए धनकारा मोड़ के पास घेराबंदी की और शिवा सिंह को दबोच लिया। इसके बाद, शिवा सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने सिमरियाटाड़ तुपुखुर्द  इलाके से एरिया कमांडर सुकुल देव उरांव को भी पकड़ लिया। 
बड़ी साजिश को अंजाम देने आया
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शिवा सिंह काफी समय से जेजेएमपी उग्रवादी संगठन में एक्टिव था। उसके खिलाफ लातेहार, चतरा, पलामू और रांची जिले के अलग-अलग थानों में  कुल 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी वसूलना, धमकी देना और उग्रवादी हिंसा जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। वहीं, दूसरे गिरफ्तार कमांडर सुकुल देव उरांव पर लातेहार में 2 मामले दर्ज हैं।पुलिस ऑपरेशन्स का दिखने लगा असर
ACP कुमार गौरव ने कहा कि शिवा सिंह की गिरफ्तारी के बाद जिले में जेजेएमपी संगठन लगभग पूरी तरह खत्म होने की कगार पर है। लगातार चल रहे पुलिस ऑपरेशन्स की वजह से यह संगठन कमजोर हो चुका है। उन्होंने जंगलों में छिपे बाकी उग्रवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर सरेंडर कर दें और सरकार की पुनर्वास नीति का फायदा उठाकर समाज की मुख्यधारा में लौट आएं। इस सफल ऑपरेशन में SDPO संदीप कुमार गुप्ता के साथ सब-इंस्पेक्टर विक्रांत कुमार उपाध्याय, कांता कुमार, संतोष कुमार और आरक्षी मनोज कुमार पासवान व दीपक कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में उग्रवाद के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags - Latehar Police JJMP Naxalite Arrested Jharkhand News Anti Naxal Operation