द फॉलोअप डेस्कः
लातेहार पुलिस ने जेजेएमपी उग्रवादी अर्जुन सिंह को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। वह ठेकेदारों से लेवी वसूली की फिराक में था। गिरफ्तार उग्रवादी अर्जुन मनिका थाना क्षेत्र के बारियातू का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी सनगड़वा के पास से हुई है। उसके पास से आधुनिक हथियार ऑटोमेटिक पिस्टल समेत पांच गोलियां और मैगजीन भी बरामद की गई हैं। अर्जुन के बारे में बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी जेजेएमपी के शीर्ष उग्रवादियों तक पहुंचाता था। इसके बाद उनके निर्देश पर लेवी की मांग करता था। एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अर्जुन सिंह आसपास के क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य करा रहे ठेकेदारों से लेवी वसूलने की फिराक में है। इसके बाद बरवाडीह एसडीपीओ भरत राम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सनगड़वा गांव में छापेमारी कर घेराबंदी करते हुए उग्रवादी अर्जुन सिंह को पकड़ लिया।