रांची
रांची के होटल चाणक्या बीएनआर में 15 मई को अबुआ अधिकार मंच की ओर से “एनवायरनमेंटल चैलेंजेस एंड इनसाइट्स इन झारखंड” विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भारत के ‘जलपुरुष’ और प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं जल संरक्षणवादी डॉ. राजेंद्र सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे झारखंड में पर्यावरणीय चुनौतियों, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग पर अपना व्याख्यान देंगे।
डॉ. राजेंद्र सिंह को समुदाय आधारित जल प्रबंधन और नदी पुनर्जीवन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें वर्ष 2001 में पारंपरिक राजस्थानी जल संचयन तकनीकों के माध्यम से सूख चुकी नदियों को पुनर्जीवित करने और पर्यावरण संरक्षण में सामुदायिक नेतृत्व के लिए रेमन मैग्सेसे पुरस्कार प्रदान किया गया था। इसके अलावा उन्हें 2015 में स्टॉकहोम वाटर प्राइज, 2018 में अहिंसा पुरस्कार तथा 2019 में अर्थ रिपेयर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में देश के युवा पर्यावरणविद् निरंजन भारद्वाज भी अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा कई अन्य पर्यावरण विशेषज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता सेमिनार में हिस्सा लेंगे। सेमिनार में झारखंड से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा होगी। आयोजन में भाग लेने के इच्छुक लोग 7777916773 और 9304410141 पर संपर्क कर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।