रांची
सोनाहातू प्रखंड क्षेत्र में किसानों को समय पर धान बीज उपलब्ध नहीं कराए जाने के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सोनाहातू प्रखंड के प्रतिनिधिमंडल ने जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में प्रखंड कृषि पदाधिकारी, सोनाहातू के नाम प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज महथा को ज्ञापन सौंपकर अविलंब बीज वितरण सुनिश्चित करने की मांग की।
मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि धान की खेती का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक किसानों के बीच सरकारी स्तर पर धान बीज का वितरण नहीं किया गया है। इसके कारण किसान निजी दुकानों से ऊंची कीमत पर बीज खरीदने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे उनकी खेती की लागत बढ़ रही है और उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ का आरोप
इस अवसर पर जेएलकेएम नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार और कृषि विभाग किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। खेती के महत्वपूर्ण समय में बीज वितरण में हो रही देरी किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र सभी पात्र किसानों के बीच धान बीज का वितरण सुनिश्चित नहीं किया गया, तो जेएलकेएम किसानों को साथ लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने तथा सभी पंचायतों में पारदर्शी तरीके से धान बीज वितरण सुनिश्चित करने की मांग की।
जेएलकेएम ने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। मौके पर गदाधर महतो, ललित महतो, सचिन महतो, खगेन महतो, उपेन्द्र महतो, अजय, विवेकानंद, गंगाधर, हरेंद्र, अंतु के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।

कल मनाया जाएगा बुली महतो का शहादत दिवस
आज ही जेएलकेएम के सोनाहातु प्रखंड कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता सेनानी एवं कोल विद्रोह के महानायक बुली महतो का शहादत दिवस कल पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ सोनाहातु में मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उनके संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया जाएगा।
