द फॉलोअप डेस्क
आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा में आयोजित 15वीं महिला जूनियर नेशनल हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 2–1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत में सिमडेगा का योगदान विशेष रहा। हॉकी ट्रेनिंग सेंटर सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बालिका, सिमडेगा से छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाई थी। इनमें स्वीटी डुंगडुंग, रीना कुल्लू, सुशीला कुजूर, सीता कुमारी, अनुप्रिया सोरेंग एवं गांगी बारला शामिल थीं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से झारखंड की जीत में अहम भूमिका निभाई।
झारखंड की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उपायुक्त, सिमडेगा कंचन सिंह ने सभी खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर एवं माला व मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत सिमडेगा और पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और समर्पण से वे न केवल राज्य बल्कि पूरे देश में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
उपायुक्त ने जिला खेलकूद विभाग और प्रशिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की तथा आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में सिमडेगा से और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराएंगे। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार एवं कोच तरणी कुमारी मौजूद रहे।
