logo

झारखंड पर्यटन और औद्योगिक निवेश का नया केंद्र बनेगा: शिल्पी नेहा तिर्की

ररकक.jpg


द फॉलोअप, रांची

झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने नई दिल्ली में आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि राज्य सरकार झारखंड को पर्यटन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए दूरदर्शी नीतियों के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य में निवेश, रोजगार और समग्र विकास के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी। कार्यक्रम में झारखंड सरकार की प्रस्तावित नई टूरिज्म पॉलिसी एवं होम स्टे पॉलिसी पर विस्तृत चर्चा की गई। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, निवेशकों एवं विभिन्न हितधारकों से सुझाव और फीडबैक प्राप्त किए गए, ताकि राज्य की नीतियों को और अधिक प्रभावी, समावेशी तथा निवेश-अनुकूल बनाया जा सके। इस दौरान पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए फाइव स्टार होटल सहित विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं पर उपलब्ध कराई जा रही सब्सिडी एवं प्रोत्साहन योजनाओं की भी जानकारी साझा की गई।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। यदि इन संभावनाओं का योजनाबद्ध विकास किया जाए तो झारखंड देश और दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा तथा इससे स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण समुदायों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान मंत्रिमंडल के सहयोगी मंत्रियों के साथ झारखंड इंडस्ट्रियल एंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पॉलिसी–2026 तथा झारखंड अपैरल, टेक्सटाइल एंड फुटवियर पॉलिसी के प्रारूप (ड्राफ्ट) को निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इन नीतियों का उद्देश्य निवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल बनाते हुए राज्य में नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं के लिए व्यापक स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार की नई नीतियां झारखंड को निवेशकों की पहली पसंद बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे राज्य में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और संतुलित क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित होगा।उन्होंने इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में झारखंड सरकार निवेश, पर्यटन, उद्योग, कृषि और रोजगार के क्षेत्रों में ऐतिहासिक पहल कर रही है। साथ ही उन्होंने उद्योग, पर्यटन एवं संबंधित विभागों के मंत्रियों और अधिकारियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से झारखंड विकास की नई इबारत लिख रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनहितकारी दृष्टिकोण के कारण आने वाले वर्षों में झारखंड देश के अग्रणी पर्यटन एवं औद्योगिक राज्यों में शामिल होगा और समृद्ध, आत्मनिर्भर तथा विकसित झारखंड के निर्माण का संकल्प साकार होगा।

Tags - Jharkhand Taj Palace National Stakeholders Consultation Shilpi Neha Tirkey Tribal