logo

फिर अंधविश्वास की बलि चढ़ी 46 साल की महिला, डायन-बिसाही के शक में पीट-पीटकर हत्या

फिर अंधविश्वास की बलि चढ़ी 46 साल की महिला, डायन-बिसाही के शक में पीट-पीटकर हत्या

द फॉलोअप डेस्क:

विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के दौर में भी झारखंड (Jharkhand) के पश्चिमी सिंहभूम (West Singhbhum) जिले में अंधविश्वास के कारण हत्या का मामला सामने आया है। बंदगांव प्रखंड के कराईकेला थाना क्षेत्र (Karaikela police station) स्थित कोलजोमरो गांव में 46 वर्षीय महिला रेंदाई सुंबरूई की डायन-बिसाही के संदेह में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गयी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चार आरोपियों ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। इनमें से एक आरोपी को संदेह था कि महिला ने उसकी बीमार पत्नी पर जादू-टोना किया है। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा और इसके खिलाफ जागरूकता की कमी को उजागर किया है।

घर में घुसकर सो रही महिला पर किया हमला

घटना शुक्रवार देर रात की बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार, कोलजोमरो गांव निवासी साधुचरण सुंबरूई की पत्नी रेंदाई सुंबरूई शुक्रवार रात अपने घर में सो रही थीं। रात करीब 12 बजे लाठी-डंडों से लैस चार आरोपी कथित तौर पर उनके घर में घुस आये और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गये। शनिवार सुबह परिजनों ने घर में महिला का खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी प्यारे हसन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपियों में से एक की पत्नी पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। बताया जा रहा है कि आरोपी को संदेह था कि रेंदाई सुंबरूई ने उसकी पत्नी पर कुछ जादू-टोना किया है। इसी संदेह को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News West Singhbhum witchcraft murder Jharkhand witch hunting case Koljomro village murder