logo

झारखंड में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज, 14 मई तक आंधी-बारिश के आसार

वदरग1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से झारखंड में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। राजधानी रांची समेत दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 9 मई के लिए रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गर्जन, वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। वहीं हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गुमला और पूर्वी जिलों में भी तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भी आंधी और छिटपुट बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।


तापमान में गिरावट, चाईबासा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी हो सकती है। शुक्रवार को डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा में सबसे अधिक 25 मिमी बारिश दर्ज की गई।


लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों, मजदूरों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने खुले मैदान और खेतों में काम करने के दौरान वज्रपात और तेज हवाओं से बचाव करने को कहा है। विभाग के अनुसार 10 मई तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जबकि 14 मई तक राज्य में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के जिलों चतरा, पलामू और गढ़वा में गर्मी का असर अधिक रहने की संभावना जताई गई है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

 

 

Tags - JharkhandWeather Ranchi WeatherAlert RainForecast OrangeAlert