logo

आज कई जिलों में बारिश और वज्रपात के आसार, मॉनसून की दस्तक में 4 दिन बाकी

RAIN_AI.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को आज राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। रांची समेत कई जिलों में आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मॉनसून के झारखंड पहुंचने में अभी करीब चार दिन का समय लग सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मॉनसून संताल परगना के रास्ते राज्य में प्रवेश करेगा।


आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 जून को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में आंधी, वज्रपात और कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रांची का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 12 जून को बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और दुमका में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं रांची, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में आंधी, वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।


13 जून को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 13 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्री-मानसून बारिश के कारण राज्य के तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों के भीतर मॉनसून झारखंड में प्रवेश कर सकता है, जिससे राज्यभर में बारिश की गतिविधियां और बढ़ जाएंगी।

 

Tags - Jharkhand Weather Monsoon Update Rain Alert Ranchi News IMD