logo

Jharkhand Weather : आज इन 6 जिलों में होगी बारिश, इस दिन से साफ होगा आसमान

आज इन 6 जिलों में होगी बारिश, इस दिन से साफ होगा आसमान

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

झारखंड में मौसम का बदलने लगा है। सोमवार, 9 नवंबर को राज्य के छह जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, संथाल परगना के देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार भी हैं। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय कई जिलों में हल्का कुहासा और धुंध देखने को मिल सकती है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी। राजधानी रांची में सोमवार सुबह हल्का कुहासा छाया रहा। दिन में आसमान में आंशिक बादल रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 10 नवंबर को भी कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। 11 नवंबर को सुबह कुहासा और दिन में आंशिक बादल रह सकते हैं, जबकि 12 नवंबर से आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। 13 नवंबर को सुबह हल्की धुंध के बाद मौसम साफ हो सकता है। 14 नवंबर को भी राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

रांची-पलामू समेत कई जिलों में बढ़ने लगी ठंड, AQI भी बिगड़ा

झारखंड के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पलामू में तापमान 29 और 17 डिग्री, बोकारो में 29 और 20 डिग्री, हजारीबाग में 29 और 19 डिग्री तथा रामगढ़ में 29 और 18 डिग्री सेल्सियस रहा। गुमला और लोहरदगा में भी सुबह और शाम ठंड महसूस की जा रही है। दूसरी ओर, वायु प्रदूषण ने भी चिंता बढ़ा दी है। बोकारो और देवघर का AQI 165, गिरिडीह का 157, जमशेदपुर का 144 और रांची का 110 दर्ज किया गया है। धनबाद और हजारीबाग में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 107 रहा। प्रदूषण को देखते हुए सुबह की सैर करने वालों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

छठ के अर्घ्य के समय महसूस होगी ठंड, गर्म कपड़े रखने की सलाह

छठ पूजा को लेकर भी मौसम पर लोगों की नजर बनी हुई है। 15 नवंबर के लिए फिलहाल मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। नवंबर के मध्य तक सुबह हल्की धुंध और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में सुबह अर्घ्य देने के लिए घाटों पर जाने वाले व्रतियों को गर्म कपड़े साथ रखने की जरूरत है। शाम के अर्घ्य के दौरान भी हल्की ठंड महसूस हो सकती है। कुल मिलाकर झारखंड में सर्दी ने दस्तक दे दी है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलती रहेगी।

 

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Ranchi Weather AQI Update Chhath Puja