द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के कारण राज्य में मानसून की स्थिति मजबूत हुई है। पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा और गुमला के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है। अगले दो से तीन दिनों में पूरे झारखंड में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है, जिससे बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। रांची में हल्की बारिश के दौरान 3.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। बादल छाए रहने और बारिश होने के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई जिलों में दर्ज हुई अच्छी बारिश
राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। जामताड़ा में सर्वाधिक 68 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि गिरिडीह में 62.4 मिलीमीटर, धनबाद में 48 मिलीमीटर, दुमका में 40 मिलीमीटर, बोकारो में 37 मिलीमीटर और रांची में 36 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के मध्य और दक्षिणी भागों के साथ-साथ पलामू प्रमंडल के कुछ क्षेत्रों में तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसके मद्देनजर 14 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
.jpg)
तापमान में आई गिरावट, लोगों को मिली राहत
बारिश और बादल छाए रहने के कारण राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जमशेदपुर में 31.8, मेदिनीनगर में 37.1, बोकारो में 36.1 और चाईबासा में 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दिनों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिलेगी।