logo

झारखंड में अगले 4 दिन बारिश का अलर्ट, इन जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी

RAIN271.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 4 जुलाई को राज्य के सभी 24 जिलों के लिए गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 6 से 8 जुलाई तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार (4 जुलाई) को राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा 6 जुलाई से 8 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस अवधि में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

विभाग के मुताबिक 5 जुलाई को लातेहार, पलामू, चतरा और गढ़वा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 6 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, चतरा और रांची में भारी वर्षा के साथ तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। वहीं 7 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।

जून में सामान्य से 54 प्रतिशत कम हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान मेदिनीनगर में 54.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बोकारो थर्मल में 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री, चाईबासा का 33.8 डिग्री और जमशेदपुर का 33 डिग्री सेल्सियस रहा। इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून 12 जून को झारखंड पहुंचा था और 30 जून तक पूरे राज्य में सक्रिय हो गया। इसके बावजूद जून महीने में राज्य में सामान्य से 54 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।

 

Tags - Jharkhand Weather Monsoon Rain IMD