द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 10 जुलाई तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। वहीं, 8 जुलाई को उत्तर-पूर्वी झारखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 9 और 10 जुलाई को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सोमवार को भी राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में दिनभर रुक-रुक कर झमाझम बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।

सोमवार को कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
सोमवार को रांची में 12.6 मिमी, जमशेदपुर में 1.8 मिमी, डालटनगंज में 12.6 मिमी और बोकारो में 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, संताल परगना से लेकर कोयलांचल क्षेत्र तक सुबह से दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में सड़क यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी देखने को मिली और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

राज्य में अब भी 103 मिमी कम बारिश
मौसम विभाग रांची के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में अब भी सामान्य से 103 मिमी कम बारिश हुई है। एक जून से 6 जुलाई तक राज्य में 142.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य रूप से 246.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। कृषि विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में रांची में सबसे अधिक 299.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, गढ़वा में 175 मिमी के मुकाबले केवल 18.9 मिमी, चतरा में 216 मिमी के मुकाबले 56.6 मिमी, कोडरमा में 222.7 मिमी के मुकाबले 53.5 मिमी और पलामू में 165.3 मिमी के मुकाबले 76.3 मिमी बारिश हुई है। धनबाद में अब तक 167.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षा 269.8 मिमी होनी चाहिए थी। यानी जिले में अब भी करीब 38 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है।