रांची
झारखंड में आज मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड में मौसम का प्रभाव अधिक रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में तेज बारिश के साथ मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। लोगों को खुले मैदान, खेत, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।
21 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
आईएमडी के अनुसार 15 अगस्त से शुरू हुआ सक्रिय मानसून 21 अगस्त तक बना रह सकता है। इस दौरान पूरे राज्य में फेयरली वाइडस्प्रेड से वाइडस्प्रेड बारिश की संभावना है। पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है, हालांकि अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता में अंतर देखने को मिलेगा। 17 अगस्त को मौसम और अधिक सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 18 अगस्त को भी पूरे राज्य में इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है। इसके बाद 19 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी। 20 और 21 अगस्त को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बादल छाए रहने के आसार हैं।
रांची समेत इन जिलों में रहेगा सुहावना मौसम
लगातार बारिश और बादलों की वजह से रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे हरियाली और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना बना रहेगा। हालांकि बीच-बीच में तेज बारिश और गरज-चमक लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़ी मौसमी परिस्थितियों के कारण बारिश की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। अगले चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसमें 17 और 18 अगस्त सबसे अधिक बारिश वाले दिन हो सकते हैं।
मानसून सक्रिय, फिर भी सामान्य से 17% कम बारिश
मानसून के सक्रिय रहने के बावजूद इस सीजन में झारखंड में अब तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से अब तक राज्य में 547.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य रूप से 658.9 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। 24 जिलों में से 16 जिले अब भी बारिश की कमी की श्रेणी में हैं। वहीं 7 जिलों में सामान्य वर्षा और एक जिले में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक, पाकुड़ में सबसे कम बारिश
राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले में दर्ज की गई है, जहां 872.5 मिमी वर्षा हुई है। यह सामान्य 651.4 मिमी के मुकाबले 34 प्रतिशत अधिक है। सरायकेला-खरसावां में 6 प्रतिशत, सिमडेगा में 4 प्रतिशत और खूंटी में 2 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। रांची में 668.8 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से केवल 1 प्रतिशत कम है। दूसरी ओर, सबसे अधिक बारिश की कमी पाकुड़ (55%), गढ़वा (54%) और चतरा (53%) में दर्ज की गई है। इसके अलावा देवघर में 49 प्रतिशत, कोडरमा में 47 प्रतिशत, गिरिडीह में 42 प्रतिशत, पलामू में 35 प्रतिशत, हजारीबाग में 34 प्रतिशत, बोकारो में 33 प्रतिशत, गुमला और जामताड़ा में 27-27 प्रतिशत, रामगढ़ में 27 प्रतिशत, दुमका में 20 प्रतिशत, धनबाद में 19 प्रतिशत, साहिबगंज में 16 प्रतिशत, लातेहार में 13 प्रतिशत, लोहरदगा में 9 प्रतिशत तथा पूर्वी सिंहभूम में 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।