logo

झारखंड में 26 से 29 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात की भी चेतावनी

weather_jh1.jpg

रांची 
झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
26 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
27 अगस्त को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
27 अगस्त को चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, धनबाद और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है
रांची में बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी
राजधानी रांची में 26 से 30 अगस्त तक गरज-चमक, तेज हवा और बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों या तारों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी गई है। रांची में आज अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, इस दौरान तापमान की तुलना में बारिश, वज्रपात और मौसम में होने वाला अचानक बदलाव ज्यादा महत्वपूर्ण रहेगा।
28 और 29 अगस्त को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 अगस्त को गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 29 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
जमशेदपुर में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
मंगलवार को झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 5.3 मिलीमीटर बारिश जमशेदपुर में दर्ज हुई, जबकि रांची में 0.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Ranchi Weather Monsoon Update Weather Forecast