द फॉलोअप, रांची
झारखंड बोर्ड परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र सन्नी कुमार वर्मा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सम्मानित करते हुए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान पूर्व घोषणा के अनुसार दिया गया, ताकि प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सके। सन्नी ने 498 अंक (99.60%) हासिल कर पूरे राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर
रांची के मधुकम निवासी सन्नी कुमार वर्मा एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता ब्रजेश कुमार वर्मा कपड़े की दुकान में काम करने के साथ-साथ रात में नाइट गार्ड की नौकरी करते हैं। सीमित संसाधनों और एक छोटे किराए के घर में रहने के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। सन्नी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन गई है।

शिक्षा और प्रतिभा को मिल रहा प्रोत्साहन
इस अवसर पर आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शिक्षा और प्रतिभा को बढ़ावा देने का सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवारों के बच्चे भी आज अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं। समय पर सहयोग और प्रोत्साहन मिलने से छात्र देश और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं।
.jpg)
मेहनत ही सफलता की कुंजी
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि केवल इच्छाओं से नहीं बल्कि निरंतर मेहनत और प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे सोए हुए सिंह के मुख में शिकार स्वयं नहीं आता, वैसे ही बिना परिश्रम के जीवन में उपलब्धि संभव नहीं है। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।