रांची
राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में गुरुवार से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. अगले 5 दिनों तक मौसम बदल सकता है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार, आज रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और रामगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन इलाकों में गरज के साथ बादल और तेज हवा चलने की भी संभावना है. बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है. इसके अलावा धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और बोकारो में तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है. यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

डालटनगंज रहा सबसे गर्म
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, बुधवार को राज्य में सबसे ज्यादा तापमान डालटनगंज में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पलामू प्रमंडल में तेज गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे. वहीं रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर में 36.8 डिग्री, बोकारो में 36.2 डिग्री, चाईबासा में 38.4 डिग्री, गुमला में 40.3 डिग्री और लोहरदगा में 39.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
