रांची
सीएम हेमंत सोरेन की मौजूदगी में मंगलवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में झारखंड सरकार और टाटा मोटर्स के बीच MoU किया गया। इसके तहत जमशेदपुर में अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण किया जायेगा। संबंधित अधिकारियों की ओर से जमशेदपुर में स्थापित होने जा रहे Institute of Driving Training and Research (IDTR) के लिए परिवहन विभाग, झारखंड सरकार और टाटा मोटर्स के बीच समझौता पर हस्ताक्षर किए गए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इस पहल को झारखंड के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी संबंधित पक्षों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में बनने वाला यह संस्थान राज्य में सुरक्षित और आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर भी तैयार करेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस साझेदारी से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ परिवहन क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
