द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत तैयार की जा रही एएसडीडी सूची में 27 जुलाई तक 40,04,817 मतदाताओं के शामिल होने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गहरी चिंता जताई है। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि 5 अगस्त 2026 के बाद चुनाव आयोग से 15 दिन का अतिरिक्त समय देने की सिफारिश की जाएगी।

एएसडीडी सूची और लापता मतदाताओं पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एएसडीडी सूची में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इनमें सबसे अधिक चिंता लापता श्रेणी के मतदाताओं की संख्या को लेकर है। पार्टी के अनुसार रांची, हटिया, कांके, धनबाद, बोकारो और जमशेदपुर पश्चिम जैसे प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं की संख्या 75 हजार से 1.15 लाख के बीच है। कांग्रेस का कहना है कि राज्य में डिजिटाइजेशन की व्यवस्था संतोषजनक होने के बावजूद अनुपस्थित श्रेणी में इतनी बड़ी संख्या कई सवाल खड़े करती है।

बीएलओ की कार्यप्रणाली और सावन मेले का भी उठाया मुद्दा
कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि देवघर, दुमका और आसपास के जिलों में बाबाधाम सावन मेले की शुरुआत होने से आम जनता और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित रहती है। ऐसे समय में मतदाता पुनरीक्षण कार्य प्रभावित हो सकता है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों से शिकायतें मिली हैं कि बीएलओ फॉर्म जमा कराने के बाद हस्ताक्षरयुक्त पावती रसीद नहीं दे रहे हैं, जिससे मतदाताओं में असमंजस की स्थिति बन रही है।
.jpeg)
समय-सीमा बढ़ाने की मांग, 5 अगस्त के बाद प्रस्ताव भेजने का भरोसा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एएसडीडी सूची का दायरा काफी बड़ा है और अभी तक अनमैपिंग सूची का प्रकाशन भी नहीं हुआ है, जिससे आम मतदाताओं पर अनावश्यक दबाव बढ़ रहा है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पार्टी ने इन्यूमरेशन फेज के साथ-साथ नोटिस और सुनवाई प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि 5 अगस्त 2026 तक 15 दिन का अतिरिक्त समय देने का प्रस्ताव केंद्रीय निर्वाचन पदाधिकारी को भेजा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, लाल किशोर नाथ शाहदेव, लाल प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, सुनील सिंह और राजेश चंद्र राजू समेत अन्य कांग्रेस नेता शामिल थे।