logo

झारखंड में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी, अगले 2 दिन में फिर लौट सकती है शीतलहर

hnytnet.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। पहले जहां दोपहिया वाहन चालकों को शॉल ओढ़कर घर से निकलना पड़ता था, अब स्वेटर पहनने से काम चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक यह राहत बनी रह सकती है। हालांकि, इस राहत के बीच पलामू, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला, खूंटी और चतरा के लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय घना कोहरा, दिनभर बर्फीली हवाएं और शाम के समय बढ़ती कनकनी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
वहीं, देवघर, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, गोड्डा, दुमका, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में ठंड का असर कुछ कम हुआ है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान अब 11 डिग्री तक पहुंच गया है, जो पहले 7-8 डिग्री के आसपास था। हालांकि, सुबह और दोपहर के समय चलने वाली ठंडी हवाओं से बचाव की आवश्यकता बनी हुई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में फिर बदलाव आ सकता है, जिसके कारण राज्यभर में शीतलहर और कड़कड़ाती ठंड लौटने की संभावना है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान फिर से 5-6 डिग्री तक गिर सकता है।

 

Tags - Jharkhand News Updates latest jharkhand News jharkhand News Updates latest jharkhand weather jharkhand Today weather jharkhand weather Today Cold in jharkhand jharkhand weather Updates latest jharkhand news jharkhand News in Hindi