logo

झारखंड के स्कूलों में की दिव्यांगता की होगी जांच, 536 कैंप लगाकर बच्चों को दिए जाएंगे मुफ्त उपकरण

झारखंड के स्कूलों में की दिव्यांगता की होगी जांच, 536 कैंप लगाकर बच्चों को दिए जाएंगे मुफ्त उपकरण

द फॉलोअप डेस्क:

Disability Assessment Camp: झारखंड सरकार (Jharkhand Government) राज्य के सभी सरकारी (Government Schools), अनुदान प्राप्त स्कूलों और पीएम श्री विद्यालयों (PM SHRI Schools) में बच्चों की दिव्यांगता की जांच कराएगी। इसे लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने नोटिस जारी किया है। इसके तहत राज्यभर के चिह्नित विद्यालयों में मेडिकल असेसमेंट कैंप लगाए जा रहे हैं। साथ ही, केंद्र सरकार के प्रशस्त ऐप 2.0 के माध्यम से 21 प्रकार की दिव्यांगताओं की स्क्रीनिंग की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में दिव्यांगता की पहचान कर उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

536 कैंप में होगी जांच, 40% से अधिक दिव्यांगता पर मिलेंगे उपकरण

प्रारंभिक जांच में चिह्नित बच्चों की अंतिम रिपोर्ट प्रखंड स्तर पर कैंप लगाकर तैयार की जाएगी। इसके लिए एलिम्को के विशेषज्ञ डॉक्टरों, रिसोर्स शिक्षकों और फिजियोथेरेपिस्ट का अनुमोदन लिया जाएगा। इसके बाद पात्र पाए जाने वाले दिव्यांग बच्चों को मुफ्त सहायक उपकरण दिए जाएंगे। विशेष रूप से 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले बच्चों को व्हीलचेयर, हियरिंग एड और मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल जैसे उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया के लिए राज्यभर में 536 कैंप लगाए जाएंगे। राज्य सरकार ने समग्र शिक्षा परियोजना के तहत 53.60 लाख रुपये और पीएम श्री विद्यालयों के लिए अलग से 7.26 लाख रुपये जारी किए हैं।

निजी CBSE और ICSE स्कूल भी होंगे अभियान में शामिल

इस वर्ष दिव्यांगता जांच अभियान में निजी सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों को भी शामिल किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित स्कूलों को प्रशस्त ऐप पर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। जांच शिविर में शामिल होने के लिए बच्चों का आधार कार्ड जमा करना होगा। इसके अलावा माता या पिता का आय प्रमाण पत्र भी देना होगा। यदि आय प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं है, तो मुखिया के हस्ताक्षर से प्रमाणित आय संबंधी दस्तावेज भी जमा किया जा सकता है।
 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Jharkhand Disability Screening Disability Assessment Camp Jharkhand