द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड के सिमडेगा जिले की 2 बेटियां संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी अब भारत के लिए हॉकी खेलेंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस कामयाबी पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामना दी है। उन्होंने लिखा कि झारखंड की बेटियां बेमिसाल हैं। संदीपा और पुष्पा का चयन ऑस्ट्रेलिया में हाई-इंटेसिटी सीरीज के लिए अंडर 18 भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। संदीप कुमारी और पुष्पा मांझी को पहली बार भारतीय टीम के लिए चुना गया है।
झारखंड की बेटियां हैं बेमिसाल....
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) May 7, 2026
प्रतिभावान युवा हॉकी खिलाड़ी संदीपा और पुष्पा को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं, जोहार। https://t.co/x9rh01aBal
सिमडेगा में दोनों खिलाड़ियों को मिली ट्रेनिंग
गौरतलब है कि केरसाई ब्लॉक में करंगागुड़ी नवा टोली की संदीपा कुमारी, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संगीता कुमारी की बहन हैं। संदीपा कुमारी रेसिडेंशियल हॉकी सेंटर सिमडेगा की ट्रेनी हैं। पुष्पा मांझी कुरडेग ब्लॉक के हेथमा पंचायत के कुसुम टोली की रहने वाली हैं। पुष्पा मांझी सिमडेगा स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ट्रेनी हैं। सिमडेगा की उपायुक्त ने यह जानकारी दी है। झारखंड की आदिवासियों बेटियों ने हॉकी में सफलता का परचम लहराया है।

झारखंड की ही सलीमा टेटे हॉकी टीम की कप्तान
झारखंड की ही सलीमा टेटे भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की कप्तान हैं। इस टीम में निकी प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग, संगीता कुमारी और दीपिका सोरेंग समेत कई खिलाड़ी खेलती हैं। सलीमा टेटे और निकी प्रधान तो ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी है।