द फॉलोअप डेस्क,रांचीः
झारखंड के लाखों राशन कार्डधारी परिवारों के लिए चना दाल को लेकर अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चना दाल की खरीद और आपूर्ति की तैयारी शुरू कर दी है। खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के निदेशालय ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत चना दाल की आपूर्ति के लिए ऑनलाइन टेंडर जारी किया है। इसके जरिए अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक राज्य में दाल की आपूर्ति करने वाली एजेंसियों का चयन किया जाएगा। इस योजना का लाभ झारखंड के करीब 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवारों को मिलने वाला है। सरकारी प्रावधान के मुताबिक, पात्र राशन कार्डधारी परिवारों को हर महीने एक किलो चना दाल उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के लाभुक शामिल हैं। इनमें प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH), अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और हरा राशन कार्डधारी परिवारों को भी लाभ दिया जाता है। लाभुकों को जन वितरण प्रणाली यानी PDS की दुकानों के माध्यम से निर्धारित रियायती दर पर चना दाल उपलब्ध कराई जाती है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा के साथ पोषण संबंधी सहायता देना है।

NFSA के तहत 61 लाख से अधिक परिवार ले रहे राशन का लाभ
उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के अनुसार, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 5,87,567 परिवार पंजीकृत हैं। इस श्रेणी में कुल 18,54,015 सदस्य शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राज्य के 61,05,156 परिवारों को राशन का लाभ मिल रहा है। इसमें प्राथमिकता प्राप्त परिवारों की संख्या 51,88,089 है, जबकि अंत्योदय अन्न योजना के तहत 9,17,067 परिवार पंजीकृत हैं। दोनों योजनाओं के लाभुकों को मिलाकर राज्य में करीब 66.92 लाख परिवार चना दाल वितरण की व्यवस्था के दायरे में आते हैं। ऐसे में नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले वित्तीय वर्ष के लिए आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

12.82 करोड़ रुपये की EMD जमा करनी होगी, 23 नवंबर आवेदन की अंतिम तिथि
चना दाल की आपूर्ति के लिए जारी टेंडर में भाग लेने वाले इच्छुक आपूर्तिकर्ताओं को 12,82,75,200 रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा करनी होगी। यह राशि झारखंड ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार की जाएगी। आपूर्तिकर्ताओं का चयन ई-टेंडर के बाद ई-रिवर्स ऑक्शन की प्रक्रिया से किया जाएगा। निविदा में आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर 2026 तय की गई है। वहीं, 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे तकनीकी रूप से प्राप्त निविदाओं को खोला जाएगा। चयनित एजेंसियों के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दर अनुबंध किया जाएगा, जिसके बाद राज्य में चना दाल की आपूर्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।