logo

साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर: झारखंड के 20 जिलों में गरज-चमक और बारिश की संभावना

weather11.jpg

रांची 

झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश, तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से रविवार और सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा को छोड़कर राज्य के बाकि 20 जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और वज्रपात की आशंका है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम 

विभाग के मुताबिक 08 जून (सोमवार) को भी राज्य के कई हिस्सों में इसी तरह की मौसमीय गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और शनिवार को यह पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों तक पहुंच चुका है। इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में सबसे अधिक 50.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि बोकारो में 30 मिमी बारिश हुई। वहीं तापमान की बात करें तो डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

08 से 10 जून के दौरान राज्य का मौसम 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 08 से 10 जून के दौरान राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 08 जून को दक्षिणी, निकटवर्ती मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 09 जून को दक्षिणी और मध्य भागों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। 10 जून को उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

Tags - Jharkhand Weather Update Yellow Alert Jharkhand Cyclonic Circulation Monsoon Update IMD Weather Alert