रांची
झारखंड के कई पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी के बाद रांची, देवघर और धनबाद समेत कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। रांची के पासपोर्ट कार्यालय को धमकी की सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। पूरे परिसर की गहन जांच की गई, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
देवघर में रांची से सूचना मिलने के बाद प्रधान डाकघर को अलर्ट किया गया। पोस्ट मास्टर राजीव कुमार ने बताया कि धमकी भरा ईमेल सुबह 11 से 11:30 बजे के बीच प्राप्त हुआ था। फिर पोस्टमास्टर ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद नगर थाना की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को बाहर निकालकर डाकघर को खाली कराया गया। इसके बाद श्वान दस्ते और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की जांच की।वहीं, धनबाद के मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को भी ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। सूचना मिलते ही दोनों कार्यालयों को खाली करा दिया गया। उस समय डाकघर में 100 से अधिक लोग मौजूद थे। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और बम निरोधक दस्ते की टीम जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में “मेरे भगवान का अपमान हुआ है” जैसी बातें लिखी गई थीं। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और पूरे मामले की जांच की जा रही है।