logo

गणतंत्र दिवस पर DGP का संबोधन, नक्सल से साइबर अपराध तक बताई झारखंड पुलिस की बड़ी उपलब्धियां

DGP11.jpg

रांची
पुलिस मुख्यालय, झारखंड रांची में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, झारखंड ने पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने ईश्वर से सभी पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।


अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक ने वर्ष 2025 में झारखंड पुलिस द्वारा की गई कार्रवाइयों का विवरण साझा करते हुए बताया कि राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के तहत कुल 326 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, 38 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया जबकि 32 नक्सली पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। उन्होंने कहा कि झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस निरंतर मजबूती से आगे बढ़ रही है।


उन्होंने बताया कि संगठित अपराध और आतंकी गतिविधियों के खिलाफ ATS द्वारा वर्ष 2025 में कुल 30 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें HIZB UT-TAHRIR से जुड़े 5 सक्रिय क्रियावादी भी शामिल हैं। इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 706 मामले दर्ज किए गए, 883 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 58.77 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए।


पुलिस महानिदेशक ने कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध भी झारखंड पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वर्ष 2025 में साइबर अपराध से जुड़े 1413 मामले दर्ज हुए, जिनमें 1268 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। इस दौरान 90.88 लाख रुपये नकद और अवैध वस्तुएँ जब्त की गईं, 38.67 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज की गई तथा 1.48 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए। प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से 140 मामलों में 642 अपराधियों की गिरफ्तारी करते हुए 1008 मोबाइल फोन और 1332 सिम कार्ड भी जब्त किए गए।


उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य भर में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे आम जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई है और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। अपने संबोधन के अंत में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि गणतंत्र दिवस स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के त्याग को स्मरण करने का अवसर है और झारखंड पुलिस संविधान के मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए राज्य को अपराध और नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest