द फॉलोअप डेस्क
रांची सहित राज्य में बढ़ती गर्मी को देखते हुए झारखंड पैरंट्स एसोसिएशन ने शिक्षा सचिव से स्कूलों के समय सारणी में बदलाव की मांग की। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस संबंध में मेल के माध्यम से एक पत्र शिक्षा सचिव को भेजा। इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पत्र में सरकार का ध्यान राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिले की ओर दिलाया है। जिसमें कहा है कि मौसम में बदलाव के साथ लगातार बढ़ती गर्मी एवं पारा में हो रही वृद्धि से जन जीवन पर इसका सीधा असर हो रहा है। ऐसे में स्कूलों के छोटे-छोटे बच्चों पर इसका काफी दुष्प्रभाव पड़ रहा है। कई बच्चे को बुखार के साथ गंभीर बीमारियों से जूझना पड़ रहा है। कई को खून की उल्टियां, दस्त, सर में दर्द आदि भी हो रही है। जिसकी कई शिकायत विभिन्न स्कूलों के अभिभावकों द्वारा संघ को मिल रहा है। अजय राय ने यह भी कहा कि राजधानी रांची ,बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, गिरिडीह, लोहरदगा,पलामू, देवघर सहित विभिन्न जिलों में तापमान 40 के पार जा चुका है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो ही रही है इसके बावजूद बच्चे प्रातः 6:00 बजे से संध्या 4:00 तक स्कूलों से आना-जाना कर रहे हैं। जिसके कारण इनके स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर देखा जा सकता है।

निजी व सरकारी स्कूलों के समय में हो बदलाव
अजय ने पत्र में यह भी कहा कि शहर के ज्यादातर हॉस्पिटल व विभिन्न डॉक्टरों के क्लीनिक का सर्वे भी करा कर देखा जा सकता है कि किस तरह से मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसमें बच्चों की संख्या काफी है। बढ़ती तपिश को लेकर मौसम विभाग की ओर से भी दिन में बाहर निकलने से परहेज करने की अपील की जा रही है। ऐसे में विभाग से आग्रह है कि हर जिले के तापमान को देखते हुए वहां सरकारी गैर सरकारी स्कूलों के समय सारणी में बदलाव करें। ताकि, छोटे-छोटे बच्चों को गर्मी से बचाया जा सके और उनका पढ़ाई भी बाधित ना हो।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT