गिरिडीह
झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 लाख रुपये के इनामी कुख्यात माओवादी अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ दो अन्य माओवादियों को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों से विशेष जांच टीम पूछताछ कर रही है। पुलिस इस कार्रवाई को हाल के वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक मान रही है। पुलिस के अनुसार, अजय महतो गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का रहने वाला है। वह भाकपा (माओवादी) का स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य तथा पारसनाथ क्षेत्र का जोनल कमांडर रह चुका है। झारखंड सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

उसके साथ दो अन्य माओवादी भी पुलिस के हत्थे चढ़े
गिरिडीह पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अजय महतो हरलाडीह गांव स्थित करमू मांझी के घर में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद गुरुवार देर रात पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। जिसके बाद अजय महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से उसके साथ दो अन्य माओवादी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अजय महतो के खिलाफ हत्या, लेवी वसूली, लूट, पुलिस बल पर हमला, आईईडी विस्फोट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। उसने गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और हजारीबाग के सीमावर्ती इलाकों में कई बड़ी नक्सली वारदातों को अंजाम दिया है।

विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं
जांच एजेंसियों के अनुसार, टाइगर लंबे समय से ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने, सड़क निर्माण कार्यों में लगे वाहनों को आग लगाने और सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमले करने जैसी घटनाओं में सक्रिय रहा है। उसकी गतिविधियों के कारण पारसनाथ और आसपास के इलाके लंबे समय तक नक्सली प्रभाव में रहे। अजय महतो केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा पुलिस के लिए भी वांछित था। विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थीं। गिरिडीह जिला प्रशासन पहले ही अजय महतो समेत 12 माओवादियों के खिलाफ देशद्रोह और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मुकदमा चलाने की अनुशंसा राज्य सरकार से कर चुका है।
.jpeg)
नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका
गृह विभाग से इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है। ऐसे में गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और तेज होने की संभावना है। गिरफ्तारी के बाद जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है ताकि संगठन के अन्य सक्रिय सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जा सके। वहीं एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि 25 लाख के इनामी नक्सली की गिरफ्तारी नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका है। पुलिस का अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा और क्षेत्र में सक्रिय अन्य उग्रवादियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।