logo

झारखंड में 13 अगस्त तक लगातार बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट जारी

jharkhand_weather_991.jpg

रांची
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 12 अगस्त के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह सिलसिला 13 अगस्त तक जारी रह सकता है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक करीब 44 मिलीमीटर बारिश पलामू में दर्ज की गई। वहीं, पलामू में ही अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस कांके में दर्ज किया गया।
कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 अगस्त तक झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 13 अगस्त को कुछ इलाकों में दो या उससे अधिक बार बारिश हो सकती है। दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर ओडिशा और आसपास के झारखंड क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है। इसके प्रभाव से झारखंड में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
कोल्हान में भारी बारिश की चेतावनी
13 अगस्त को कोल्हान प्रमंडल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Tags - Jharkhand Weather Monsoon Heavy Rain Alert Kolhan Ranchi News