गिरिडीह
झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के निधन हो गया। डॉक्टरों के मुताबिक रात करीब 2:15 बजे सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें गिरिडीह स्थित मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई। मंत्री के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनू जी से उनका बचपन से ही जुड़ाव रहा और राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में भी दोनों का लंबा साथ रहा।

विषय को गंभीरता से समझने और उसका समाधान निकालने वाले व्यक्ति थे
हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य सोनू हर विषय को गंभीरता से समझने और उसका समाधान निकालने वाले व्यक्ति थे। उनका अचानक इस दुनिया से चले जाना बेहद दुखद और अविश्वसनीय है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, “सोनू भैया मेरे लिए सिर्फ राजनीतिक साथी नहीं, बल्कि बड़े भाई की तरह थे। वे हमेशा स्नेह देने वाले, सही मार्गदर्शन करने वाले और हर कठिन परिस्थिति में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति थे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में झारखंड सरकार और पूरा संगठन शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने उनके निधन को पार्टी के साथ-साथ झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। गिरिडीह में उनके समर्थकों और आम लोगों के बीच भी शोक का माहौल है।
.jpeg)
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें