रांची
सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा रविवार को कुरडेग प्रखंड की बड़कीबिउरा पंचायत स्थित झारखंड के अंतिम छोर पर बसे अति दुर्गम गांव उरुमकेला पहुंचे। उनके साथ जिप सदस्य सह कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा भी मौजूद थी। विधायक के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, नृत्य और गीत-संगीत के साथ दूल्हे की तरह उनका स्वागत किया। कुछ देर में ही पूरे गांव में मेले जैसा माहौल बन गया। इस दौरान ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने विधायक से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग भी रखी। विधायक भूषण बाड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के समग्र विकास का भरोसा दिलाया।
.jpg)
ग्रामीणों ने आज तक किसी जनप्रतिनिधि की शक्ल नहीं देखी
इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि आज़ादी के बाद पहली बार किसी जनप्रतिनिधि के गांव पहुंचने से विकास की नई उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने कहा कि आजादी के बाद उरुमकेला गांव ने आज तक किसी जनप्रतिनिधि का शक्ल तक नहीं देखी थी। मौके पर ग्रामीणों ने विधायक को तोहफा स्वरुप कुछ भेंट करने की बात कही। इसके बाद कई ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता जिशान फिरदोस की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। विधायक ने भी सभी ग्रामीणों का गर्मजोशी के साथ कांग्रेस में स्वागत किया। मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल शहरों तक सीमित नहीं है। उरुमकेला जैसे अंतिम छोर पर बसे गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं हर गांव तक पहुंचें, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।
.jpg)
जल्द उरुमकेला गांव में सभी बनियादी सुविधाएं बहाल की जाएगी
विधायक ने कहा कि बहुत जल्द उरुमकेला गांव में सभी बनियादी सुविधाएं बहाल की जाएगी। वहीं जिला परिषद सदस्य एवं महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा ने कहा कि उरुमकेला के लोगों का स्नेह और विश्वास हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है। कांग्रेस हमेशा गरीब, आदिवासी, किसान, मजदूर, महिलाओं और युवाओं के हितों की आवाज रही है। गांव के विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। मौके पर सांसद प्रतिनिधि देवनिस खलखो, पाकरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष अजीत लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, जिला सचिव विनय तिग्गा, बीडीसी नीलिमा खाखा, अल्पसंख्यक प्रखंड अध्यक्ष जिशान फिरदौस, मीडिया प्रभारी शमीम अंसारी, युवा प्रखंड अध्यक्ष तौफीक अख्तर, आशीष साहू, प्रतिमा कुजूर, शोभन तिग्गा, सज्जान खान, संदीप कुजूर, विजय कुजूर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।