रांची
झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में तेज बारिश के बाद नाले का गंदा पानी घुसने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ़ तौर पर देखा जा सकता है कि अस्पताल के वार्ड में मरीज बेड पर इलाज कराता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि उसके बेड के नीचे बारिश का पानी जमा नजर आ रहा है। इस दृश्य को लेकर लोगों ने रिम्स की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स की दुर्दशा मरीजों के लिए सबसे बड़ा सरदर्द साबित हो रही है।

जनता सब देख रही
वार्डों में पानी भर गया है, चारों ओर गन्दगी का अंबार लगा हुआ है। जो सरकार मौजूदा रिम्स की व्यवस्था तक नहीं संभाल पा रही, वही आदिवासियों की जमीन लूटकर रिम्स-2 बनाने की बात कर रही है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्वास्थ्य मंत्री और विभागीय अधिकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के बजाय ठेकेदारों, निजी जांच लैबों और आउटसोर्सिंग कंपनियों से कमीशन वसूलने में व्यस्त हैं। इसी दबाव में रिम्स के दलित निदेशक को प्रताड़ित कर इस्तीफा देने पर मजबूर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। जनता सब देख रही है।

बाकी अस्पतालों की हालत का अंदाज़ा लगाया जा सकता है
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी इस वीडियो को शेयर किया है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स का है, जहाँ वार्ड में मरीजों के बीच पानी भरा हुआ है। जिस अस्पताल में लोग इलाज़ की उम्मीद लेकर आते हैं, आज वही अस्पताल खुद बदहाली की तस्वीर बन चुका है। क्या यही है झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था? क्या मरीजों को इलाज़ के साथ जलभराव और बदइंतज़ामी भी झेलनी पड़ेगी? स्वास्थ्य व्यवस्था सिर्फ़ घोषणाओं से नहीं, ज़मीनी व्यवस्था से सुधरता है। जब राज्य के सबसे बड़े अस्पताल की यह स्थिति है, तो बाकी अस्पतालों की हालत का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।