logo

छात्रों का विधानसभा घेराव आज, 3 लेयर की सुरक्षा;जगह-जगह कंटीले तार

कोूो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में JPSC-JSSC में कथित धांधली और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। आज 10 अगस्त को छात्र सुबह 9 बजे रांची के मोरहाबादी मैदान से विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे। देर रात से ही 5000 से ज्यादा छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंच चुके हैं। छात्रों के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह कंटीले तार लगाए गए हैं और BNS की धारा 163 लागू की गई है। तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रदर्शन स्थल से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है।

विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा सख्त

छात्रों को विधानसभा तक पहुंचने से रोकने के लिए प्रशासन ने कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की है। विधानसभा के मेन गेट पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि परिसर के करीब 2 किलोमीटर के दायरे में वाटर कैनन की गाड़ियां तैनात की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल रांची बुलाया गया है। पुलिस-प्रशासन की नजर छात्रों की गतिविधियों और शहर में उनकी आवाजाही पर बनी हुई है।

अलग-अलग जिलों से ट्रेन-बस से रांची पहुंचे छात्र

विधानसभा घेराव की अपील का असर राजधानी रांची में साफ दिखाई दे रहा है। रविवार शाम तक राज्य के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र ट्रेन, बस और निजी वाहनों से रांची पहुंचते रहे। रांची रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख इलाकों में छात्रों की भीड़ नजर आई। कई छात्र समूहों ने स्टेशन पहुंचने के बाद नारेबाजी की और जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम की ओर रवाना हुए। कई छात्र अपने साथ आंदोलन से जुड़े बैनर और पोस्टर लेकर भी पहुंचे।

JPSC-JSSC में सुधार और पारदर्शिता की मांग

आंदोलनरत छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में सुधार, पारदर्शिता और निष्पक्ष व्यवस्था को लेकर उनकी लंबे समय से मांग रही है। इसी मांग को लेकर 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का आह्वान किया गया है। छात्रों का कहना है कि विधानसभा घेराव के जरिए वे अपनी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाना चाहते हैं। वहीं, छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट मोड में है। रांची रेलवे स्टेशन समेत शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और संवेदनशील इलाकों में जांच अभियान चलाया जा रहा है और आने-जाने वाले लोगों व वाहनों की निगरानी की जा रही है।

Tags - JPSC JSSC Student Protest Ranchi Jharkhand