logo

1 नवंबर को JTET की परीक्षा, मुख्य सचिव बोले– चूक और लापरवाही बर्दाश्त नहीं

1 नवंबर को JTET की परीक्षा, मुख्य सचिव बोले– चूक और लापरवाही बर्दाश्त नहीं

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन एक नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में शिक्षा विभाग और झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अधिकारियों के अलावा सभी जिलों के उपायुक्त तथा वरीय पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। मुख्य सचिव ने कहा कि जेटेट का सफल और निष्पक्ष आयोजन राज्य की छवि बेहतर बनाने का बड़ा अवसर है। इसमें किसी भी तरह की चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राज्य, जिला और परीक्षा केंद्र स्तर पर सख्त निगरानी रखने का निर्देश दिया। परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है। परीक्षा से पहले जिलों के होटलों की जांच कराने और साइबर सेल के माध्यम से लगातार निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया। अभ्यर्थियों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है। राज्यभर में परीक्षा के लिए कुल 986 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांचवीं तक के 1,95,935 और उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठवीं तक के 3,69,113 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

धनबाद में सबसे ज्यादा 108 परीक्षा केंद्र, रांची में 101

परीक्षा केंद्रों की संख्या के लिहाज से धनबाद जिला सबसे आगे है। यहां कुल 108 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि रांची में 101, पूर्वी सिंहभूम में 93, बोकारो में 72 और हजारीबाग में 53 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में सबसे अधिक अभ्यर्थी रांची जिले से शामिल होंगे। यहां 44,892 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इसके बाद धनबाद में 38,509, पूर्वी सिंहभूम में 36,108 और बोकारो में 31,326 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं, प्राथमिक स्तर की परीक्षा में पूर्वी सिंहभूम जिले से सबसे अधिक 21,025 अभ्यर्थी शामिल होंगे। रांची में इस स्तर के 20,862 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। मुख्य सचिव ने सभी जिलों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, व्यवस्था और निगरानी से जुड़े इंतजाम समय पर पूरे करने का निर्देश दिया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

31 अक्टूबर से काम करेगा जैक का कंट्रोल रूम, तीन हेल्पलाइन नंबर जारी

जेटेट के सफल संचालन और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। यह कंट्रोल रूम 31 अक्टूबर और एक नवंबर को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक कार्य करेगा। जैक की ओर से अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर 7485093436, 7485093437 और 7485093440 जारी किए गए हैं। परीक्षा से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन को परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने और यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। राज्यभर में लाखों अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया है।

Tags - Jharkhand TET 2026 JTET Exam Avinash Kumar Jharkhand Teacher Eligibility Test Exam Security