logo

झारखंड के 3 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, अगले 6 दिनों तक मौसम रहेगा सक्रिय

weather_jharkhand_78781.jpg

द फोलोअप/ रांची
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून के प्रभाव से झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार देर रात से राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को कई जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला, बोकारो, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
19 अगस्त तक रेड और ऑरेंज अलर्ट बरकरार
मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त को भी चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में रेड अलर्ट जारी रहेगा। वहीं गढ़वा, पलामू और लातेहार में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। 20 और 21 अगस्त को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन कई स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा के साथ वर्षा जारी रहने के आसार हैं। 22 अगस्त को भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि 23 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।


धालभूमगढ़ में सबसे अधिक 90.8 मिमी बारिश
राज्य में सोमवार को भी कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में सबसे अधिक 90.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मंजारी, मुसाबनी और जगन्नाथपुर में 7-7 सेंटीमीटर तथा चाईबासा सदर में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई। कोडरमा में 42 मिमी, बोकारो में 41 मिमी, जमशेदपुर में 16 मिमी, देवघर में 7 मिमी, रांची में 6 मिमी, खूंटी में 1 मिमी और बहरागोड़ा में 16 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
राज्य में अब भी सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश
1 जून से 17 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में अब भी सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 35 प्रतिशत अधिक और सिमडेगा में 1 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी कुछ हद तक कम हो सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने रेड अलर्ट वाले जिलों के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश के कारण रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में मौसम सुहावना बना रहने की संभावना है।

 

Tags - Jharkhand Rain Weather Update IMD Alert Monsoon Ranchi News