logo

झारखंड में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, रांची समेत कई जिलों में तेज हवा और बारिश की चेतावनी

weather_image_thunderstorm.jpg

रांची 
मौसम विभाग ने झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।  आज हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, चतरा और लातेहार जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार के कुछ क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 से 25 जुलाई के बीच भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
वज्रपात और हादसों में पांच लोगों की मौत
रविवार को झारखंड में वज्रपात और अन्य हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सरायकेला के नुवागोड़ा गांव में वज्रपात से रोशनी सुरीन और सोनू सरदार (32) की जान चली गई। वहीं चंपुआ थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में किसान मोहन चरण गिरि (55) की भी ठनका गिरने से मौत हो गई। गोमिया स्थित तेनुघाट डैम में मछली पकड़ने गए केवट टोला निवासी संतोष केवट उर्फ डमडम केवट (34) की डूबने से मौत हो गई। इधर गुमला जिले के सिसई क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से जयंती देवी (56) की भी जान चली गई। 
24 घंटे में कई इलाकों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक 76.8 मिमी बारिश धनबाद के राजदह में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हेंदेगिर में 67.2 मिमी, नवाडीह में 67 मिमी, चाईबासा के जगन्नाथपुर में 65 मिमी, पुटकी में 57.2 मिमी और राजधनवार में 48.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 
रांची में दो घंटे तक झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलजमाव
राजधानी रांची में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार बारिश हुई। कांके रोड, कांके, रातू रोड और बरियातू समेत कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जलजमाव की स्थिति बन गई। वहीं मेन रोड, धुर्वा और डोरंडा सहित शहर के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक रांची में 421.6 मिमी, जमशेदपुर में 328.8 मिमी, डाल्टनगंज में 313.9 मिमी, चाईबासा में 358.9 मिमी और बोकारो में 242.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Ranchi Rain Weather Forecast Thunderstorm