logo

झारखंड में 19 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में वज्रपात की भी चेतावनी

weather_jh1.jpg

 झारखंड में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
रांची 
झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 19 अगस्त तक कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
17 और 18 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम केंद्र के अनुसार, 17 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और मध्य झारखंड के रांची व खूंटी के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं 18 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग जिले के कुछ हिस्सों में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
19 अगस्त तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से केवल 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 15 अगस्त तक राज्य में लगभग 668 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक करीब 550 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। 19 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अनुमान है।
निम्न दबाव क्षेत्र से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र का प्रभाव झारखंड पर भी देखने को मिलेगा। इसके साथ जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 24 घंटे में यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए और अधिक सक्रिय हो सकता है। वहीं, मॉनसून ट्रफ भी इसी क्षेत्र से होकर गुजर रही है, जिसके कारण झारखंड में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
तापमान में आएगी गिरावट
लगातार बारिश के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, वज्रपात के समय खुले स्थानों से बचने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert IMD Monsoon Jharkhand News