रांची
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड में मानसून को और मजबूत कर रहा है। इसके असर से राज्यभर में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) और उससे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब झारखंड में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। इसके प्रभाव से बुधवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में आसमान बादलों से ढका रहा और कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 34 मिमी बारिश सिमडेगा में हुई, जबकि मेदिनीनगर में 21 मिमी और राजधानी रांची में 14 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण रांची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस घटकर 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। 
छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 16 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
उत्तर और दक्षिण-पूर्वी जिलों पर रहेगा ज्यादा असर
17 जुलाई को मौसम का प्रभाव और बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं रांची में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
इन 10 जिलों में भारी बारिश की संभावना
18 जुलाई को भी झारखंड के कई जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य के अन्य जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।