Jharkhand Weather:
झारखंड के आठ जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची में भी दिन भर बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बीते शनिवार शनिवार को गुमला में वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को घर से बाहर न निकलने, बिजली के खंभों से दूर रहने और पेड़ों के नीचे न खड़ा होने की सलाह दी है।

13 और 14 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 14 जुलाई को चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। रांची सहित अन्य जिलों में भी मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी।

वज्रपात से दो लोगों की मौत
शनिवार को गुमला जिले के बसिया अनुमंडल क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिसई थाना क्षेत्र के छारदा गांव निवासी 65 वर्षीय शिव व्रत गोप और बसिया थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव निवासी 24 वर्षीय सुजीता कुमारी के रूप में हुई है।
झारखंड में सामान्य से 36% कम बारिश
शनिवार को रांची में 1 मिमी, हजारीबाग में 1 मिमी, गुमला में 4.5 मिमी, लोहरदगा में 2 मिमी और सिमडेगा में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 जून से 11 जुलाई 2026 के बीच झारखंड में सामान्य से 36 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। राजधानी रांची में भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। रांची में इस अवधि के दौरान सामान्य वर्षापात 308.3 मिमी होता है, जबकि अब तक 263.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं मेदिनीनगर में 40 प्रतिशत और गढ़वा में 75 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।