logo

झारखंड में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट, 8 जिलों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

झारखंड में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट, 8 जिलों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

रांची: 
बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में 11 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के कुछ हिस्सों में गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश के क्षेत्र में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जो करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते अगले एक-दो दिनों तक झारखंड के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 11 सितंबर तक राज्य में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

वज्रपात को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गर्जन के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने, खेतों में काम करने से बचने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है। लोगों को कच्चे मकानों से दूर रहने तथा गरज-चमक के दौरान बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 46 फीसदी अधिक बारिश
मानसून सीजन में 1 जून से 10 सितंबर तक झारखंड के कई जिलों में सामान्य से अच्छी बारिश हुई है। पश्चिमी सिंहभूम में इस अवधि में 1297.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 887.5 मिलीमीटर है। इस तरह जिले में सामान्य से 46 फीसदी अधिक बारिश हुई है। राज्य के कई अन्य जिलों में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

देवघर और बोकारो में बारिश की कमी
दूसरी ओर, कुछ जिले अब भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। देवघर में सामान्य से 30 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, बोकारो में सामान्य से 12 फीसदी कम बारिश हुई है। कोडरमा में भी सामान्य बारिश के मुकाबले कमी दर्ज की गई है। राज्य में जहां कुछ जिलों में बारिश सामान्य से अधिक रही, वहीं कई इलाकों में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है।

Tags - Jharkhand Weather Heavy Rain Alert Ranchi Weather Yellow Alert Monsoon 2026