रांची
झारखंड में सोमवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। रुक-रुक कर होने वाली बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
28 और 29 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 और 29 जुलाई को भी राज्य में मौसम का यही रुख बना रहेगा। इन दोनों दिनों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। 30 जुलाई को भी झारखंड में मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, पिछले दिनों की तुलना में बारिश की तीव्रता कुछ कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। 
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का दिख रहा असर
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र गहराकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसी सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है। इसके कारण राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की घटनाएं दर्ज की गई हैं और अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में सिमडेगा में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक 23.0 मिमी वर्षा सिमडेगा में रिकॉर्ड की गई। वहीं, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2.1 से 4.0 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। .jpeg)
56 दिनों में 29% कम बारिश, खेती पर बढ़ी चिंता
राज्य में मानसून सक्रिय होने के बावजूद अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पिछले 56 दिनों के दौरान झारखंड में औसतन 29 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जिससे कई जिलों में सूखे जैसी स्थिति बनने लगी है। सबसे अधिक वर्षा सिमडेगा (569 मिमी), साहिबगंज (499.4 मिमी), सरायकेला-खरसावां (427.6 मिमी), पश्चिमी सिंहभूम (427.2 मिमी) और पूर्वी सिंहभूम (385.9 मिमी) में दर्ज की गई है। वहीं, सबसे कम बारिश गढ़वा (140.7 मिमी), चतरा (149.2 मिमी), कोडरमा (191 मिमी), पलामू (200.4 मिमी) और देवघर (200.8 मिमी) में रिकॉर्ड की गई है। कई जिलों में 40 से 60 प्रतिशत तक वर्षा की कमी दर्ज होने के कारण खेती-किसानी पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।