जमशेदपुर:
झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की 18 वर्षीय बेटी यूबीका सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित डोमुहानी के पास करीब सुबह 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार सफेद कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई।
जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में झारखण्ड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह जी की पुत्री के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। एक माँ के लिए अपनी संतान को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।
— Governor of Jharkhand (@jhar_governor) September 24, 2026
राज्यपाल संतोष गंगवार ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत पर शोक जताते हुए सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राज्यपाल ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
मंत्री की बेटी यूबीका सिंह की भी मौत
मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी यूबीका सिंह भी शामिल थीं। यूबीका जमशेदपुर के सोनारी स्थित कार्मेल जूनियर स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थीं। उन्होंने इसी साल 12 अगस्त को अपना 18वां जन्मदिन मनाया था। यूबीका अपने पिता रत्नेश सिंह के साथ सोनारी एयरपोर्ट के पीछे स्थित दीनदली एनक्लेव के क्वार्टर नंबर डी-35 में रहती थीं। उनके पिता टाटा स्टील के पर्चेस डिपार्टमेंट में कार्यरत हैं। दीपिका पांडेय सिंह की दो बेटियों में यूबीका छोटी बेटी थीं। उनकी बड़ी बहन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में पढ़ाई कर रही हैं।
.jpeg)
ट्यूशन के लिए दोस्त के घर गई थीं यूबीका
परिजनों के मुताबिक, हादसे से पहले बुधवार शाम करीब 5 बजे यूबीका अपने घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए अपनी मित्र वंशिका खंडेलवाल के आदित्यपुर स्थित घर गई थीं। वंशिका के घर पर ही दोनों ट्यूशन पढ़ती थीं। बताया जा रहा है कि ट्यूशन खत्म होने के बाद यूबीका ने नोट्स तैयार करने की बात कही और अपनी मित्र वंशिका के घर ही रुक गईं। पढ़ाई में यूबीका काफी मेधावी छात्रा थीं। देर रात वह अपने दोस्तों के साथ कार से निकली थीं। इसके बाद मरीन ड्राइव के डोमुहानी के पास यह भीषण हादसा हो गया।
ट्रक के पीछे जा घुसी तेज रफ्तार कार
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 बजे सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित डोमुहानी के पास हुआ। सफेद रंग की कार तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में कार जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार ट्रक के पीछे बुरी तरह फंस गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
चार लोगों की हुई मौत
हादसे में यूबीका सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी मौत हो गई। चारों एक ही कार में सवार थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतका के नाम को लेकर कुछ रिपोर्टों में तृषा सिंह और कुछ जगहों पर इस्तिका सिंह का भी उल्लेख किया गया है। वहीं, स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी में उनका नाम यूबीका सिंह बताया गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जमशेदपुर में हुए इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतान को खोने का दुख माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे होता है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह समेत सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे के बाद सोनारी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सड़क किनारे ट्रक किस परिस्थिति में खड़ा था और कार की रफ्तार कितनी थी। हादसे के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।