logo

"मन मर्माहत है", मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर दिग्गजों ने इन शब्दों में दी श्रद्धांजलि

"मन मर्माहत है", मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर दिग्गजों ने इन शब्दों में दी श्रद्धांजलि

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

गिरिडीह विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा के 2 बार के विधायक और हेमंत कैबिनेट में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद, शहरी विकास और उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार तड़के करीब 3:30 बजे गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। आरंभिक जानकारी के मुताबिक, कार्डियक अरेस्ट से निधन की बात कही जा रही है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर जोबा मांझी, विद्युत वरण महतो, दीपक बिरुआ और रघुबर दास ने दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। 

"मन मर्माहत है...ईश्वर आत्मा को शांति प्रदान करें"
चाईबासा से झामुमो की सांसद जोबा मांझी ने मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाई सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन की खबर से स्तब्ध हूं। कल रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और दुख की घड़ी में परिवार जनों को सहनशक्ति दे। सांसद जोबा मांझी ने इससे झामुमो परिवार के लिए बड़ी क्षति बताया है। 

 

मंत्री दीपक बिरुआ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि झारखंड सरकार के साथी मंत्री भाई सुदिव्य सोनू के निधन से मन मर्माहत है। मंत्री दीपक बिरुआ ने लिखा कि कल रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और रात को ही अस्पताल में इलाज के दौरान उनका देहावसान हो गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार जनों को दुख सहने की शक्ति दे। अश्रुपूर्ण और अंतिम जोहार भाई।

 

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लिखा कि झारखंड सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन का अत्यंत दुखद समाचार मिला। बाबा बैद्यनाथ दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उनके शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति दे। गौरतलब है कि हाल ही में एक पॉडकास्ट में सुदिव्य कुमार सोनू ने पूर्व सीएम रघुवर दास को एक अच्छा प्रशासक बताया था। 

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन को बहुत दुखद और दिल तोड़ने वाला नुकसान बताते हुए लिखा कि हमारे प्यारे भाई और साथी का कल दोपहर करीब 2 बजे निधन हो गया। इस खबर से मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। इलाज के दौरान उन्होंने बहादुरी से लड़ाई लड़ी, लेकिन दुर्भाग्य से, ईश्वर की मर्जी कुछ और ही थी। डॉ. अंसारी ने लिखा कि वे मेरे लिए भाई की तरह थे और हमें कैबिनेट मंत्री के तौर पर साथ काम करने का सौभाग्य मिला। हमने जो अनमोल पल साथ बिताए और उनका स्नेहपूर्ण स्वभाव हमेशा हमारी यादों में बसा रहेगा।

उनका असमय निधन हम सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। गहरे दुख की इस घड़ी में, मैं शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें।

 

भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने सुदिव्य कुमार सोनू  के निधन को अत्यंत दुखद और ह्रदयविदारक बताते हुए लिखा कि उनका जाना राज्य के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति है। विद्युत वरण महतो ने लिखा कि परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा इस कठिन घड़ी में उनके शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति और संबल दें। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।

Tags - Sudivya Kumar SonuSudivya Kumar Sonu DiedSudivya Kumar Sonu DeathJharkhand