द फॉलोअप डेस्क
झारखंड वन विभाग के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर बेरोजगार युवाओं से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। विभाग के अनुसार, अब तक करीब आधा दर्जन युवकों को फर्जी नियुक्ति पत्र थमाए जा चुके हैं। जब ये युवक राज्य के अलग-अलग जिलों में योगदान देने पहुंचे तो जांच में उनके नियुक्ति पत्र फर्जी पाए गए। मामले के सामने आने के बाद वन विभाग ने आम लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि विभाग में नियुक्तियां केवल निर्धारित और अधिकृत प्रक्रिया के तहत ही की जाती हैं।

यूपी के युवक की शिकायत के बाद खुला फर्जीवाड़ा
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के एक युवक को भी वन विभाग का फर्जी नियुक्ति पत्र मिला था। जब वह योगदान देने पहुंचा तो दस्तावेजों को फर्जी बताया गया। इसके बाद युवक ने उत्तर प्रदेश में मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर यूपी पुलिस दो दिन पहले रांची स्थित वन विभाग मुख्यालय पहुंची और अधिकारियों से मामले की जांच की। युवक का आरोप है कि उसे रांची में प्रशिक्षण भी दिया गया था, जिसके बाद नियुक्ति पत्र सौंपा गया। जांच में सामने आया कि नियुक्ति पत्र प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) के फर्जी हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर तैयार किया गया था।

चतरा वन प्रमंडल में भी मिले फर्जी कार्यग्रहण पत्र
विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को चतरा उत्तरी वन प्रमंडल कार्यालय को निबंधित डाक के माध्यम से विश्वजीत कुमार और जगदीश भारती नामक दो व्यक्तियों के कार्यग्रहण से संबंधित पत्र प्राप्त हुए थे। जब इन दस्तावेजों की गहन जांच की गई तो वे पूरी तरह फर्जी निकले। जांच में यह भी सामने आया कि जालसाजों ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक, झारखंड, रांची के कार्यालय के नाम, फर्जी दस्तावेजों और नकली मुहर का इस्तेमाल कर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है और विभाग ने लोगों से किसी भी संदिग्ध नियुक्ति पत्र की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है।

विभाग ने जारी किया अलर्ट
वन विभाग ने आम जनता को अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि सरकार के अधीन किसी भी पद पर नियुक्तियां केवल निर्धारित और प्राधिकृत आयोग अथवा संस्थाओं की प्रक्रिया के माध्यम से ही होती हैं। नौकरी से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें और उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। चतरा के वन प्रमंडल पदाधिकारी ने भी लोगों से ऐसे ठगों से सावधान रहने की अपील की है।