द फॉलोअप डेस्क
झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित धांधली मामले में रांची पुलिस ने कोर्ट में 2400 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस आरोप पत्र में कुल 169 आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों को चार्जशीट का हिस्सा बनाया है। साथ ही प्रत्येक आरोपी की भूमिका का सिलसिलेवार उल्लेख करते हुए यह बताया गया है कि किस स्तर पर परीक्षा को प्रभावित करने की साजिश रची गई थी।

तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तैयार हुआ आरोप पत्र
रांची पुलिस के अनुसार, चार्जशीट में सभी 169 आरोपियों के खिलाफ पुख्ता साक्ष्य पेश किए गए हैं। जांच के दौरान एकत्र किए गए डिजिटल, तकनीकी और अन्य वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर आरोपियों की भूमिका को विस्तार से दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय तक विभिन्न कड़ियों को जोड़ने और साक्ष्य जुटाने के बाद यह विस्तृत आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया गया है।

पेपर लीक की सूचना के बाद शुरू हुई थी कार्रवाई
गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में रांची समेत राज्य के कई जिलों में झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा से पहले रांची पुलिस को पेपर लीक की साजिश रचे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तमाड़ क्षेत्र में छापेमारी कर कार्रवाई शुरू की। इस मामले में तमाड़ थाना कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब पुलिस की ओर से चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद मामले की सुनवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।