रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान प्रदत्त मताधिकार की रक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से आगामी 19 अगस्त को 'वोट अधिकार यात्रा' में भाग लेगी। इस आशय की जानकारी कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पौल मुजनी ने दी।
उन्होंने बताया कि झारखंड से यह यात्रा प्रातः 6:30 बजे रांची से रवाना होकर करीब 8:30 बजे बरही चौक पहुंचेगी। इसके बाद 9:00 बजे बिहार के गया जिले में 'वोट अधिकार यात्रा' में शामिल होगी।

सतीश पौल मुजनी ने कहा कि यह यात्रा देश के लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण और जनता में मतदान के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस यात्रा में अधिकतम प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में प्रतिबद्ध है।
इस ऐतिहासिक यात्रा में विधायक दल के नेता एवं उप नेता, मंत्रीगण एवं विधायकगण, सभी जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, अग्रणी प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेतागण सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।
